कोरबा।(Radar 360°)। व्यवस्थाओं को लेकर अब स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे भी मुखर होने लगे है। हाल के दिनों में सड़को पर उतरने वाले युवाओं ने समझा दिया है कि हक चाहिए तो हौसले की लड़ाई लड़नी पड़ेगी। अब तक आदिवासी विकास विभाग के नियंत्रण में संचालित एकलव्य विद्यालय में विद्यार्थियों और प्राचार्य के बीच चल रही तनातनी खत्म नहीं हो सकी और स्कूल की अधीक्षिका भी आरोपों से घिरी है। आज फिर छात्रों ने कई समस्याओं को लेकर पूरे चार घंटे कम्ख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। कोरबा-कटघोरा मार्ग को बाधित कर दिया। एसडीएम और सहायक आयुक्त के द्वारा जांच व अगली कार्यवाही के लिए लिखित आश्वासन देने के बाद प्रदर्शन खत्म हुआ।

छुरी स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के छात्रों द्वारा अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर कोरबा-कटघोरा मुख्य मार्ग पर आज सुबह चक्काजाम कर दिया गया। विद्यालय के सैकड़ों छात्र इसमें शामिल हुए। इस आंदोलन से मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप्प रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। बताया गया कि विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं के अभाव के कारण दिक्कत है। ऐसे में इस सत्र में पढ़ाई नहीं हो पा रही है। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं छुरी पंचायत के सामने सडक़ पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे। छात्रों की मुख्य मांग प्राचार्य डॉ. अरशद अहमद अली और हॉस्टल अधीक्षक को तत्काल हटाने की मांग की, जो पहले से ही अवकाश पर भेज दिए गए हैं। विद्यार्थियों ने स्कूल परिसर में पेयजल, भोजन व शैक्षणिक व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। वे फिर से इसी बात पर अड़े रहे कि हर हाल में यहां से प्राचार्य और अधीक्षिका को हटाया जाए। एक पखवाड़ा पहले इसी मुद्दे को लेकर छात्रों ने जाम लगाया था। इस दौरान कई प्रकार के आरोप लगाए गए थे। इस पर जांच की बात की गई।

एसडीएम तुलाराम भारद्वाज और सहायक आयुक्त आदिवासी विकास एस कसेर ने विद्यार्थियों से मौके पर बातचीत की। उनकी समस्याओं को जाना और एक बार फिर से कहा कि पहले भी मामला संज्ञान में आ चुका है। जांच के साथ प्रकरण में अगली कार्रवाई की जाएगी।
सबसे हैरानी की बात यह है कि जिले में शैक्षणिक क्षेत्र में विद्यार्थियों के सडक़ पर उतरने और प्राचार्य से लेकर अधीक्षक को टारगेट करने जैसे हालात बीते कई वर्षों में पहली बार निर्मित हुए हैं। सामान्य तौर पर विद्यार्थियों को इस तरह आक्रामक होते कभी नहीं देखा गया। अब नहीं बात यह भी है कि राजनीति से जुड़े लोगों का प्रवेश इस तरह के प्रदर्शन में होने से स्थिति बिगड़ रही है। इसलिए प्रशासन ऐसे मामलों को गंभीरता से ले रहा है।
जानकारी के अनुसार जिस तरह की समस्याएं एकलव्य आवासीय विद्यालय में बनी हुई है, उस पर प्रशासन ने ध्यान दिया है। दूषित पेयजल के साथ-साथ भोजन की क्वालिटी में सुधार करने के लिए जरूरी निर्देश दे दिए गए हैं। अगर इन कारणों से विद्यालय के विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां हो रही है तो इसका उचित निराकरण भी किया जाएगा। बॉक्स। विद्यार्थियों द्वारा अपनी मांगों के लिए किए जा रहे इस प्रदर्शन को लेकर कुछ लोगों का कहना है कि कुछ राजनीतिज्ञ इस पूरे मामले को अपने स्वार्थ के लिए टूल दे रहे हैं । तो वहीं प्रशासन के अधिकारी इस बात को लेकर खुल कर कुछ भी नहीं बोल पा रहे। यहां जाँच और समस्या के समाधान की बात कही जा रही है।