Share this news
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले के शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक निर्णय लेते हुए लंबे समय से विभिन्न विभागों और कार्यालयों में संलग्न कुल 52 शिक्षकीय एवं गैर-शिक्षकीय कर्मचारियों का संलग्नीकरण समाप्त कर उन्हें तत्काल प्रभाव से उनकी मूल पदस्थापना संस्था और कार्यालयों में वापस भेज दिया गया है। यह कार्रवाई स्कूल शिक्षा विभाग और लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देशों के पालन में की गई है।
जारी आदेश के अनुसार, स्कूल शिक्षा मंत्री की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक के निर्देश तथा लोक शिक्षण संचालनालय, नवा रायपुर के पत्रों के आधार पर अन्य कार्यालयों में संलग्न शिक्षकों और कर्मचारियों को मूल पदस्थापना पर लौटाने का निर्णय लिया गया। अब सभी कर्मचारियों को अपनी मूल संस्था में VSK App के माध्यम से पंजीयन कर नियमित उपस्थिति दर्ज करते हुए शैक्षणिक एवं कार्यालयीन कार्यों का निर्वहन करना होगा।
इन आदेशों के तहत शिक्षा विभाग, निर्वाचन शाखा तथा कलेक्टर कार्यालय सहित विभिन्न गैर-शैक्षणिक कार्यों में संलग्न कर्मचारियों का संलग्नीकरण समाप्त किया गया है। निर्वाचन कार्य के लिए वर्ष 2025 में लगाए गए कर्मचारियों को भी लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देश पर भारमुक्त कर दिया गया है।
प्रशासन का मानना है कि इस निर्णय से स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ेगी और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी। साथ ही विभागीय कार्यों में भी पारदर्शिता और व्यवस्था मजबूत होगी। सभी संबंधित कर्मचारियों को तत्काल अपनी मूल पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
देखें आदेश की कॉपी




